वाशिंगटन। अमेरिकी इंटेलीजेंस थिंक टैंक एजेंसी ने पाकिस्तान को दुनिया के खतरनाक देशों में शामिल किया है। एजेंसी की रिपोर्ट में पाकिस्तान को दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में आठवां स्थान दिया गया है। जबकि इराक पहले स्थान पर है। इस रिसर्च में दुनिया के 45 देशों का अध्ययन किया गया। दुनिया के सबसे खतरनाक देशों की इस सूची में भारत का जिक्र नहीं है।
अमेरिकी इंटेलीजेंस एजेंसी इंटेलसेंटर ने लंबे समय से आतंक से जूझ रहे अफगानिस्तान को इस सूची में चौथे स्थान पर रखा है, जबकि इस सूची में नाइजीरिया को दूसरे, सोमालिया को तीसरे, यमन को पांचवें, सीरिया को छठे, लीबिया को सातवें, इजिप्ट को नौंवे और केन्या को दसवें स्थान पर रखा गया है।
इस रिपोर्ट को दुनिया भर के देशों में खतरे के स्तर (कंट्री थ्रेट इंडेक्स-सीटीआई) के आधार पर तैयार किया गया है। इस सूची को बनाने के लिए किसी भी देश में पिछले 30 सालों के दौरान आतंकी हमलों, विद्रोहियों से लड़ाइयों से हुई मौतों और घायलों की संख्या को ध्यान में रखा गया है।
इस अध्ययन में शामिल 45 देशों को सीटीआई के आधार पर अंक दिए गए। लिस्ट में सबसे कम अंक पाने वाले देशों को खतरनाक स्थिति का देश घोषित किया गया। अमेरिकी रिसर्च संस्था की ओर से जारी किए गए आंकड़ों में इन खतरनाक देशों को औसतन 74 अंक मिले हैं।
Comments